बहादुरगढ़ क्षेत्र में नहीं थम रहा प्रतिबंधित पेड़ों का अवैध कटान
वन विभाग की नाकामी, लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद
गुलफाम सैफी | संदेश धारा
हापुड़ जनपद की गढ़मुक्तेश्वर तहसील का बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र, जो आम के बागों और हरी पट्टी (ग्रीन बेल्ट) के लिए जाना जाता है, इन दिनों प्रतिबंधित हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान को लेकर चर्चा में है। क्षेत्र में अवैध कटान का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, जबकि वन विभाग इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
ताज़ा मामला थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना का है, जहां लकड़ी माफियाओं ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर एक नीम और एक जामुन के हरे पेड़ को काट डाला। बताया जा रहा है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि क्षेत्र में लंबे समय से इसी तरह प्रतिबंधित पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लकड़ी माफिया वन विभाग के कुछ कर्मचारियों से सांठगांठ कर खुलेआम अवैध कटान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो बहादुरगढ़ क्षेत्र की हरियाली को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग कब जागता है और अवैध कटान पर कब प्रभावी रोक लगाई जाती है।

