
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हटी अवैध पार्किंग
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में सर्विस रोड बना निजी पार्किंग, जाम से लोग बेहाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित अंडरपास (B-ब्लॉक) पर महिंद्रा और टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर के बाहर सर्विस रोड को ही अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील कर दिया गया है। हालात यह हैं कि सड़क के दोनों ओर खड़ी गाड़ियों के कारण रोजाना जाम जैसी स्थिति बन रही है और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों—ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थाना और MCD—से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। अवैध पार्किंग हटाने के नाम पर कभी-कभार औपचारिक कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ ही समय बाद स्थिति फिर वैसी ही हो जाती है।
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों और कर्मचारियों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन सर्विस रोड पर खड़ी गाड़ियों के चलते आवागमन बाधित हो जाता है। कई बार वाहन आमने-सामने फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों में यह भी चर्चा है कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद ढील बरती जा रही है, जिससे अवैध पार्किंग करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक इस समस्या पर ठोस कार्रवाई करता है, या फिर आम जनता को इसी तरह जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता रहेगा।

