
थाना पुल प्रहलादपुर में मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
— 16 मुकदमों में आरोपी, 7 मामलों में दोषी करार, पुलिस पर की फायरिंग
कुंदन संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में मंगलवार रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसके बाद आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ शेट्टी उर्फ देवा (50) के रूप में हुई है, जो थाना गोविंदपुरी का घोषित बद कैरेक्टर (BC) है।
पुलिस के अनुसार, 6 मई की रात करीब 10 बजे थाना पुल प्रहलादपुर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी डीडीए पार्क, काया माया अस्पताल के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर जाल बिछाया।
जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे काबू कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई एसीपी बदरपुर श्री आकाश अग्रवाल की निगरानी में और थाना प्रभारी पुल प्रहलादपुर के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुनील वर्ष 1999 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामलों में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है। वह कालकाजी, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया और तिलक मार्ग सहित कई थानों में वांछित रहा है।
गिरफ्तारी के समय आरोपी हाल ही में दर्ज एक लूट और गैर-इरादतन हत्या के प्रयास (एफआईआर नंबर 111/26, थाना पुल प्रहलादपुर) मामले में भी मुख्य संदिग्ध था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक खाली कारतूस और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

