
O Zone के नाम पर अटकी 55 से अधिक कॉलोनियों को नियमित कराने की मांग तेज
जामिया नगर और ओखला के RWA प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी से की मुलाकात
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। जामिया नगर, ओखला और बदरपुर क्षेत्र की लगभग 55 से 60 ऐसी कॉलोनियां, जो अब तक रेगुलराइज (नियमित) नहीं हो सकी हैं, उन्हें लेकर स्थानीय RWA प्रतिनिधियों ने दक्षिण दिल्ली के सांसद माननीय रामवीर सिंह बिधूड़ी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। आरोप है कि इन कॉलोनियों को O Zone का हवाला देकर नियमितीकरण की प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गफ्फार मंजिल RWA के अध्यक्ष मोहम्मद सुमामा ने किया। उन्होंने सांसद को एक प्रतिनिधित्व पत्र (Representation) सौंपते हुए विस्तार से बताया कि कई कॉलोनियां DDA की कथित त्रुटियों के कारण O Zone में शामिल हो गईं, जबकि वे वास्तविक रूप से यमुना क्षेत्र के भीतर नहीं आतीं।
मुलाकात के दौरान सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जो कॉलोनियां केवल प्रशासनिक या DDA की गलती की वजह से O Zone में आ गई हैं और सरकार द्वारा निर्धारित पुश्ते के बाहर स्थित हैं, उन्हें नियमित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो कॉलोनियां सीधे यमुना या पुश्ते के अंदर आती हैं, उनके मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई संभव नहीं होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने जामिया नगर की उन कॉलोनियों के नियमित होने पर भी सांसद का आभार व्यक्त किया, जिन्हें पूर्व में मंजूरी मिल चुकी है। प्रतिनिधियों का कहना है कि जामिया नगर और ओखला क्षेत्र के अधिकांश RWA लगातार इस मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं ताकि वर्षों से बसे लोगों को कानूनी राहत मिल सके।
इस प्रतिनिधिमंडल में शाहीन बाग से रियाज़ नेता, मुनिस आज़मी, चौहान साहब, अबुल फज़ल एन्क्लेव D ब्लॉक से आसिफ साहब, सामाजिक कार्यकर्ता सबा इसरार, बटला हाउस से अमजद गुड्डू, तौबा कॉलोनी से नसीम चमन, एडवोकेट नौशाद त्यागी, इरशाद साहब और नाहिद खान सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
अंत में जामिया नगर RWA की ओर से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी का धन्यवाद करते हुए कहा गया कि उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा भरोसा दिलाया कि पुश्ते के बाहर स्थित कॉलोनियों को आने वाले समय में नियमित कराने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

