
हनी ट्रैप के जरिए सीए का अपहरण और लूट, दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 13 मई। दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट को हनी ट्रैप में फंसाकर अपहरण, मारपीट और लाखों रुपये की लूटपाट करने वाले गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक महिला और सेना का जवान भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनमोहन गुप्ता 2 मई की शाम अपने सैनिक फार्म स्थित आवास पर अकेले थे। इसी दौरान उनकी परिचित महिला कल्पना के आने की उम्मीद थी, लेकिन उसके साथ आए अन्य आरोपियों ने घर में घुसते ही उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने घर से करीब 5 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठियां, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज लूट लिए।
इसके बाद आरोपी पीड़ित को उनकी ही टोयोटा कैमरी कार में जबरन बैठाकर मेरठ की ओर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए पीड़ित पर दबाव बनाया और परिचितों से 15 लाख रुपये मंगाने की कोशिश की। जब प्रयास विफल रहा तो आरोपी दिल्ली-मुंबई हाईवे के पास फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पीड़ित को छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नेब सराय थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के आधार पर 36 घंटे के भीतर दो आरोपियों कल्पना और सुरेंद्र को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 4 लाख रुपये नकद और पीड़ित का पर्स बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि कल्पना और सुरेंद्र दोनों तलाकशुदा हैं और उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बाद में दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। सुरेंद्र सेना में कार्यरत है और वर्तमान में मथुरा में तैनात बताया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर पूरी साजिश रची थी।
इसके बाद पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले में लगातार छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों कुलदीप और सुशील को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बाकी नकदी और सोने की चेन बरामद की गई।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही हनी ट्रैप, अपहरण और लूट की इस पूरी वारदात का खुलासा कर दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

