सनलाइट कॉलोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल स्नैचिंग रैकेट का भंडाफोड़
66 चोरी के मोबाइल फोन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के थाना सनलाइट कॉलोनी अंतर्गत पुलिस चौकी सराय काले खां की टीम ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 66 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 51 iPhone और 15 एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 18 अप्रैल 2026 को आईपी पार्क गेट नंबर-4 के पास एक युवक से iPhone 17 Pro छीने जाने की घटना सामने आई थी। मामले में थाना सनलाइट कॉलोनी में FIR संख्या 138/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
SHO सनलाइट कॉलोनी के नेतृत्व और ACP लाजपत नगर की निगरानी में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी समीर और सुहैल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि छीना गया मोबाइल एक रिसीवर को सौंप दिया गया था।
इसके बाद पुलिस ने चांदनी महल निवासी जहीर उर्फ सलमान को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल सस्ते दामों में खरीदकर ग्रे मार्केट में बेचता था।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता का iPhone 17 Pro करीब 40 हजार रुपये में आगे बेच दिया गया है, जिसकी बरामदगी और खरीदार की तलाश जारी है।
बरामद मोबाइल
50 iPhone
14 एंड्रॉयड मोबाइल
पहले से बरामद 2 मोबाइल
कुल 66 मोबाइल फोन
पुलिस सभी मोबाइल फोन की ZIPNET और CCTNS के माध्यम से जांच कर रही है, ताकि अन्य मामलों से उनका संबंध पता लगाया जा सके।
आरोपियों का रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी समीर पहले से स्नैचिंग और लूट के 16 मामलों में शामिल रहा है, जबकि सुहैल एक पुराने आपराधिक मामले में शामिल है। वहीं जहीर उर्फ सलमान के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

