
अवैध कॉलोनियों के प्रचार पर सख्ती, विज्ञापन देने वालों पर भी होगी FIR
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
फरीदाबाद। हरियाणा के जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए सार्वजनिक सूचना जारी की है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना सरकारी अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों का प्रचार-प्रसार करने वाले भू-मालिकों, प्रॉपर्टी डीलरों और अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जारी सूचना के अनुसार, हरियाणा के किसी भी शहर में कॉलोनी विकसित करने से पहले नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा, चंडीगढ़ से अनुमति लेना अनिवार्य है। विभाग के संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर बिना किसी वैध अनुमति के विकसित हो रही कॉलोनियों का खुलेआम प्रचार किया जा रहा है और आम जनता को बहला-फुसलाकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं।
विभाग ने कहा है कि ऐसी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि रजिस्ट्री और एग्रीमेंट होने के बावजूद अवैध निर्माणों को तोड़ा जा सकता है।
सार्वजनिक सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवैध कॉलोनियों का विज्ञापन और प्रचार करना शहरी क्षेत्र अधिनियम 1975 का उल्लंघन है। इस अपराध में तीन साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें।
जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट), फरीदाबाद ने कहा कि अवैध कॉलोनियों का विकास, प्रचार-प्रसार और विज्ञापन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

