
जेल से छूटते ही फिर शुरू किया नशे का कारोबार, दक्षिण जिला पुलिस ने महिला तस्कर को दबोचा
112.32 ग्राम हेरोइन बरामद, दो मोबाइल फोन भी जब्त
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, दक्षिण जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 112.32 ग्राम उच्च गुणवत्ता की स्मैक/हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार एएटीएस टीम को लगातार सूचना मिल रही थी कि दक्षिणी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय कुछ तस्कर सिंथेटिक ड्रग्स की आपूर्ति कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मीना उर्फ मीनू (40 वर्ष) नामक महिला तस्कर त्यागराज स्टेडियम के पास INA कॉलोनी क्षेत्र में हेरोइन की खेप पहुंचाने आने वाली है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जाल बिछाया गया। निगरानी के दौरान संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई तलाशी में उसके पास से 112.32 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ हेरोइन पाया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में शामिल रही है। वह हाल ही में 6 मई 2026 को एक अन्य एनडीपीएस मामले में जमानत पर जेल से बाहर आई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसने फिर से नशे का कारोबार शुरू कर दिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान मीना उर्फ मीनू पत्नी बच्चू मेहतो, निवासी किशनगंज, करोल बाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह दिल्ली में स्थानीय नशा उपभोक्ताओं और छोटे तस्करों को स्मैक की आपूर्ति करती थी।
आरोपी के खिलाफ थाना कोटला मुबारकपुर में एफआईआर संख्या 106/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क, नशे की खेप के स्रोत और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी डीबीजी रोड थाना और इंदरपुरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में गठित एएटीएस टीम ने अतिरिक्त डीसीपी (ऑपरेशन) अरविंद कुमार के पर्यवेक्षण में की। टीम में एसआई साजिद हुसैन, एसआई नवदीप सिंह, एएसआई देशराज, एएसआई रविंदर, हेड कांस्टेबल अमित, कृष्ण, अरविंद, ईश्वर, महिला हेड कांस्टेबल सीमा मलिक तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि दक्षिणी दिल्ली में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

