

दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को दूसरी मंजिल से फेंका, तीन दोषियों को 10-10 वर्ष की सजा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, । दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में साकेत कोर्ट ने तीन दोषियों को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। आरोपियों द्वारा दहेज की मांग को लेकर एक महिला को दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे फेंक दिया गया था, जिससे वह कमर के नीचे स्थायी रूप से लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) हो गई।
पुलिस के अनुसार यह मामला थाना कालिंदी कुंज में दर्ज एफआईआर संख्या 151/2022 से संबंधित है। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके पति आमिर खान, सास नसरीन तथा देवर सोनू उर्फ फिरोज लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे और मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान करते थे।
जांच में सामने आया कि 14 फरवरी 2022 को दहेज को लेकर हुए विवाद के दौरान तीनों आरोपियों ने साझा साजिश के तहत पीड़िता को दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे फेंक दिया। घटना में महिला की रीढ़ की हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण वह जीवनभर के लिए कमर के नीचे से अपंग हो गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्य, घटनास्थल का निरीक्षण, दस्तावेजी प्रमाण तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए। एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल की गई।
साकेत कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे-05) विशाल सिंह की अदालत ने सेशंस केस संख्या 444/2022 में आरोपी आमिर खान, सोनू उर्फ फिरोज और नसरीन को भारतीय दंड संहिता की धारा 307/34 के तहत दोषी ठहराया। वहीं आमिर खान और नसरीन को धारा 498ए/34 के तहत भी दोषी पाया गया।
1 जून 2026 को सजा सुनाते हुए अदालत ने अपराध की गंभीरता और पीड़िता को हुई स्थायी शारीरिक क्षति को ध्यान में रखते हुए तीनों दोषियों को धारा 307/34 आईपीसी के तहत 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा जुर्माने की सजा सुनाई। साथ ही अदालत ने पीड़ित मुआवजा योजना के तहत महिला को उचित मुआवजा देने के निर्देश भी जारी किए।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने इस फैसले को महिलाओं के खिलाफ अपराधों में न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पेशेवर जांच, साक्ष्य आधारित अभियोजन और पुलिस-अभियोजन के समन्वित प्रयासों के कारण दोषियों को सजा दिलाई जा सकी।

