सैदुलाजाब बिल्डिंग हादसा: गिरफ्तार बिल्डर मनीष खत्री और अविनाश गुप्ता तीन दिन की पुलिस रिमांड पर
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली,। दक्षिणी दिल्ली के सैदुलाजाब क्षेत्र में 30 मई को हुए दर्दनाक भवन हादसे की जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले में गिरफ्तार बिल्डर मनीष खत्री और अविनाश गुप्ता को साकेत कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर हादसे की असल वजह और निर्माण में बरती गई कथित लापरवाही की जांच पड़ताल करेगी।

पुलिस जांच के अनुसार, लगभग 15 वर्ष पुरानी चार मंजिला इमारत की नींव कमजोर होने के बावजूद उस पर अवैध रूप से अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि विशेषज्ञों द्वारा इमारत को तोड़कर दोबारा निर्माण करने की सलाह दी गई थी, लेकिन इसके विपरीत उसी जर्जर ढांचे पर नई मंजिलें खड़ी की गईं।
जांच में सामने आया है कि पुरानी इमारत के ऊपर दो अतिरिक्त मंजिलें पहले ही बनाई जा चुकी थीं, जबकि तीसरी मंजिल का निर्माण कार्य जारी था। इसी दौरान 30 मई को इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 अन्य घायल हुए थे। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में भवन मालिक करमवीर जेलदार पहले से ही न्यायिक हिरासत में है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि निर्माण कार्य में किन-किन भवन नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया तथा इस पूरे प्रकरण में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई होती तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।
संदेश धारा इस मामले से जुड़े हर महत्वपूर्ण अपडेट पर अपनी नजर बनाए हुए है।

