दक्षिणी दिल्ली में सक्रिय शातिर स्नैचर और वाहन चोर गिरफ्तार, 5 मामलों का खुलासा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 13 जून। दक्षिणी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से स्नैचिंग और वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल उर्फ चिट्टा (23 वर्ष) निवासी मदनगीर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से सड़क पर अकेले चलने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान छीनने की वारदातों को अंजाम देता था।
दक्षिणी जिले की AATS टीम, जिसमें एसआई साजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल मंदीर और कांस्टेबल अशोक शामिल थे, ने इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन) अरविंद कुमार के पर्यवेक्षण में इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि 31 मई 2026 को साकेत क्षेत्र में एक महिला का बैग छीन लिया गया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। वहीं 3 जून को ग्रेटर कैलाश-1 क्षेत्र में एक व्यक्ति का आईफोन-16 भी स्नैच कर लिया गया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय खुफिया तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान की।
11 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पुष्प विहार स्थित खोखा मार्केट के पास चोरी का सामान बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर रात करीब 9:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से बरामद टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी चोरी की निकली, जो अंबेडकर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक वाहन चोरी के मामले से संबंधित थी। इसके अलावा उसके पास से ओप्पो A3X और रियलमी C-53 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी और स्नैचिंग के मामलों में शामिल रह चुका है तथा उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर राहगीरों और अकेले सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाता था तथा छीने गए मोबाइल फोन और अन्य सामान को बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने साकेत, ग्रेटर कैलाश, डिफेंस कॉलोनी और अंबेडकर नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल पांच मामलों का खुलासा किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
दक्षिणी जिला पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और त्वरित पुलिस कार्रवाई का परिणाम है, जिससे क्षेत्र में स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

