ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में रातों-रात काटा गया वर्षों पुराना पेड़, पुलिसकर्मी की मिलीभगत के आरोप
साहिल संवाददाता
नई दिल्ली, 16 जून। राजधानी के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 स्थित B-312 के निकट एक वर्षों पुराने पेड़ को बीती रात कथित रूप से अवैध रूप से काटे जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। आरोप है कि यह कार्रवाई संबंधित बीट नंबर-1 के पुलिसकर्मी की जानकारी अथवा सहयोग से की गई।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पेड़ को देर रात काटा गया और सुबह होने से पहले उसके अवशेषों को ढककर मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। लोगों का कहना है कि उक्त पेड़ लंबे समय से क्षेत्र में मौजूद था और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण था।
निवासियों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते संबंधित विभागों और पुलिस द्वारा निगरानी की जाती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई

की मांग उठाई है।
पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि दिल्ली पहले से ही प्रदूषण और हरित क्षेत्र की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में बिना अनुमति पेड़ों की कटाई पर्यावरण संरक्षण कानूनों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने मांग की है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए।
स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी (SHO) से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित बीट स्टाफ की भूमिका की पड़ताल करने तथा पेड़ कटाई में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक पुलिस एवं संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। क्षेत्रवासी मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

