साइबर ठगी के ₹10 करोड़ से अधिक के नेटवर्क का खुलासा, सरिता विहार पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
साहिल संवाददाता, संदेश धारा
नई दिल्ली, 17 जून। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की थाना सरिता विहार टीम ने CY-HAWK 5.0 अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने साइबर ठगी की रकम निकालने वाले कमीशन आधारित रैकेट का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा लगभग 9 लाख रुपये की संदिग्ध साइबर ठगी की राशि निकाले जाने से बचा ली।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई की शुरुआत आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, जसोला के शाखा प्रबंधक द्वारा दी गई सूचना के आधार पर हुई। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी साइबर अपराधियों से प्राप्त ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से निकालने और आगे पहुंचाने का काम करते थे।
इस संबंध में थाना सरिता विहार में एफआईआर संख्या 297/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर जांच की जा रही है।
मुंबई की 10.40 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा तार
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का संबंध मुंबई में हुई 10.40 करोड़ रुपये की CEO/WhatsApp Impersonation Fraud से जुड़ा पाया गया है। इस मामले में एक निजी कंपनी से 3 जून से 15 जून 2026 के बीच 63 अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी की गई थी।
मुंबई का यह मामला साउथ साइबर पुलिस स्टेशन, क्राइम ब्रांच, मुंबई में दर्ज है। पुलिस का कहना है कि वित्तीय लेन-देन की जांच में सामने आ रहा नेटवर्क 10 करोड़ रुपये से अधिक के साइबर फ्रॉड से जुड़ा हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—
विकास (22)
वंश (21)
फैयाज आलम (22)
अमित (28)
बलवीर कुमार (23)
सभी आरोपी दिल्ली के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर युधवीर सिंह ने किया। टीम में एसआई वैभव सिंह, एसआई सतीश भाटी, बीसी नितेश, कांस्टेबल ओम प्रकाश और कांस्टेबल मनीष शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी अनिल शर्मा की निगरानी तथा अतिरिक्त डीसीपी-II दक्षिण-पूर्वी जिला श्री जसबीर सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

