जैतपुर–कालिंदी कुंज रोड पर मलबा माफिया सक्रिय, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
साहिल ,संवाददाता
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) मलबा फेंकने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनभर अलग-अलग कॉलोनियों से ट्रकों के माध्यम से मलबा लाकर जैतपुर–कालिंदी कुंज रोड और आसपास की खाली सरकारी भूमि पर डाला जा रहा है, जिससे प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ सड़क और सार्वजनिक मार्ग भी बाधित हो रहे हैं।
बुधवार को मौके पर DL 1M A4371 एवं DL 1M 9758 सहित कई ट्रक मलबा उतारते हुए देखे गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह गतिविधि कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से खुलेआम जारी है। आरोप है कि ट्रक चालक खाली जगह देखते ही निर्माण मलबा डालकर चले जाते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में धूल उड़ती रहती है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इतनी बड़ी संख्या में भारी वाहन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं, इसके बावजूद न तो स्थानीय पुलिस और न ही ट्रैफिक पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई कर रही है। लोगों का कहना है कि बिना वैध अनुमति और निर्धारित डंपिंग स्थल के ये वाहन खुलेआम मलबा फेंक रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) अपशिष्ट को सड़क, नालों या खाली भूखंडों पर फेंकना नियमों के विरुद्ध है और इसके लिए निर्धारित प्रोसेसिंग एवं निस्तारण व्यवस्था मौजूद है। दिल्ली में C&D Waste Management Rules, 2016 लागू हैं, जिनके तहत ऐसे मलबे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाना आवश्यक है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित ट्रकों की पहचान कर उनके मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, अवैध डंपिंग स्थलों को तत्काल साफ कराया जाए तथा क्षेत्र में CCTV निगरानी बढ़ाई जाए ताकि मलबा माफिया पर अंकुश लगाया जा सके। दिल्ली में अवैध मलबा डंपिंग रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था भी की जा चुकी है।
**स्थानीय निवासियों का सवाल है कि आखिर कब तक जैतपुर–कालिंदी कुंज रोड को अवैध मलबा डंपिंग का अड्डा बनाए रखा जाएगा और जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेंगे?**

