DND फ्लाईवे से यमुना में छलांग लगाने वाले युवक की तलाश जारी, NDRF ने बढ़ाया सर्च ऑपरेशन
नई दिल्ली | जामिया नगर
जामिया नगर थाना क्षेत्र में डीएनडी फ्लाईवे के पास यमुना नदी में कथित रूप से छलांग लगाने वाले 30 वर्षीय युवक अंकित शर्मा उर्फ आशु की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में युवक को आज तड़के करीब 1:35 बजे डीएनडी फ्लाईवे से यमुना की ओर जाते हुए देखा गया। घटनास्थल पर उसकी स्कूटी, दो मोबाइल फोन और चप्पलें बरामद हुई हैं, जिससे आशंका है कि उसने नदी में छलांग लगाई।
इस संबंध में पुलिस को रात 2:26 बजे सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल बचाव एवं खोज अभियान शुरू किया गया।
तलाशी अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और दिल्ली फायर सर्विस संयुक्त रूप से जुटी हुई हैं। अभियान को तेज करने के लिए NDRF ने अपने जवानों की संख्या 35 से बढ़ाकर 70 कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकित शर्मा पिछले कुछ समय से वैवाहिक विवाद और उससे जुड़े न्यायालयी मामलों का सामना कर रहे थे। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल यमुना में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

