गोरखपुर में पेंट कारोबारी के घर NIA और ATS का छापा, घंटों चली तलाशी
विशेष संवाददाता संदेश धारा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार सुबह करीब 5 बजे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की संयुक्त टीम ने एक पेंट कारोबारी के घर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
टीम ने पहुंचते ही घर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। इसके बाद घर के सभी कमरों की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी गहन जांच की गई।
तलाशी की कार्रवाई कई घंटों तक चली। इस दौरान परिवार के सदस्यों को घर से बाहर जाने तथा बाहरी लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में पुलिस की कड़ी निगरानी बनी रही।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक NIA और ATS की ओर से छापेमारी के कारण या बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में जांच जारी है और एजेंसियों की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

