थाना पुल प्रह्लादपुर अंतर्गत शूटिंग रेंज पुलिस पिकेट के पास कथित शराब तस्करी, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना पुल प्रह्लादपुर क्षेत्र स्थित शूटिंग रेंज पुलिस पिकेट के पास कथित रूप से हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग से बड़ी मात्रा में शराब की खेप दिल्ली में प्रवेश करती है।
कुछ स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि तस्करी में शामिल बताए जाने वाले कुछ वाहन बिना प्रभावी जांच के निकल जाते हैं, जबकि आम नागरिकों के वाहनों की नियमित जांच की जाती है। इन आरोपों के चलते क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पिकेट पर निगरानी बढ़ाने तथा अवैध शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी सरकारी कर्मचारी या पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

