
थाना गोविंद पुरी की जमीन पर डंपरों से डाला जा रहा निर्माण मलबा, अतिक्रमण और प्रदूषण का खतरा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली। गोविंदपुरी स्थित तुगलकाबाद क्राउन प्लाज़ा रोड पर थाना गोविंद पुरी की बताई जा रही सरकारी जमीन पर असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रक और डंपरों से लगातार निर्माण एवं विध्वंस का मलबा डाले जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अलग-अलग क्षेत्रों से लाया गया मकानों का मलबा यहां खाली किया जा रहा है, जिससे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के साथ-साथ पर्यावरण और यातायात संबंधी समस्याएं भी पैदा हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, मलबा डाले जाने से सड़क का स्वरूप बिगड़ रहा है और बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका भी बढ़ सकती है।
मौके की तस्वीर में भी निर्माण मलबे के ढेर और कच्चे मार्ग पर जलभराव जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर मलबा डलवाने वालों की पहचान करे तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण और अवैध डंपिंग से सुरक्षित किया जाए।
जनता ने दिल्ली पुलिस, एमसीडी और अन्य संबंधित एजेंसियों से इस मामले में संयुक्त कार्रवाई कर सरकारी भूमि को सुरक्षित रखने तथा क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।

