
हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही 1,500 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली, 12 जुलाई। दक्षिण जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हरियाणा मार्का 30 कार्टन (1,500 क्वार्टर) अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि बलराज उर्फ बल्ले हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर मेहरौली के जामा मस्जिद पार्किंग, सोन बुर्ज, वार्ड नंबर-8 के पास पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर AATS टीम ने इलाके में घेराबंदी की। तड़के करीब 3:35 बजे संदिग्ध वैगनआर कार वहां पहुंची। कुछ ही देर बाद दो व्यक्ति कार से शराब के कार्टन उतारने लगे, तभी पुलिस ने तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार से “For Sale in Haryana Only” अंकित ADS Fresh Santra Masaledar Deshi Sharab के 30 कार्टन, जिनमें कुल 1,500 क्वार्टर थे, बरामद किए गए। इस संबंध में थाना मेहरौली में एफआईआर संख्या 425/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराज उर्फ बल्ले (38), संसद (40) और सलमान (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा हत्या व आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर देर रात और तड़के निजी वाहनों के माध्यम से दिल्ली लाते थे। तय स्थानों पर शराब उतारकर स्थानीय तस्करों के जरिए राजधानी के विभिन्न इलाकों में इसकी अवैध सप्लाई की जाती थी।
यह कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस ऋतुराज की निगरानी तथा एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व में एसआई नवदीप, एचसी ईश्वर सिंह, एचसी रघुवेंद्र सिंह, कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल राम दयाल की टीम ने अंजाम दी।
दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (आईपीएस) ने बताया कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

