
MCD की कार्रवाई पर उठे सवाल: Celebration Garden पर ‘कॉस्मेटिक एक्शन’ का आरोप, स्थानीय लोगों ने मांगी संयुक्त जांच
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली | कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के निकट Pillar No. 202, Plot No. 1, Pocket-N, मदनपुर खादर, नई दिल्ली स्थित Celebration Garden पर बुधवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा कार्रवाई की गई। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई केवल “कॉस्मेटिक कार्रवाई” साबित हुई और कथित अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निगम की कार्रवाई के कुछ समय बाद ही परिसर में गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं। उनका आरोप है कि यदि निर्माण अवैध है तो केवल आंशिक तोड़फोड़ या प्रतीकात्मक कार्रवाई के बजाय भवन उपविधियों के अनुसार प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले संबंधित विभागों को कई शिकायतें दी जा चुकी हैं। शिकायतों के जवाब में बताया गया था कि थाना कालिंदी कुंज में एफआईआर दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक उस मामले में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। यदि वास्तव में एफआईआर दर्ज हुई है, तो उसकी वर्तमान स्थिति सार्वजनिक किए जाने की मांग की जा रही है।
इस पूरे मामले में Celebration Garden, Aahil Villa, Aman Park तथा आसपास संचालित कबाड़ी (स्क्रैप यार्ड) को लेकर भी संयुक्त जांच की मांग उठ रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि यह भूमि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की है, तो भूमि स्वामित्व, लीज़, निर्माण स्वीकृति, Fire NOC, पर्यावरणीय मंजूरी और अन्य आवश्यक अनुमतियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि MCD, DDA, दिल्ली सरकार, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, गौतम बुद्ध नगर प्रशासन और दिल्ली पुलिस संयुक्त सर्वे कर पूरी स्थिति स्पष्ट करें। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, और यदि सभी अनुमतियां वैध हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए।
(नोट: “कॉस्मेटिक कार्रवाई” स्थानीय लोगों का आरोप है। संबंधित विभागों और प्रतिष्ठानों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)

