
ग्रीन पार्क मेट्रो के पास 2 घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी संदेश धारा
नई दिल्ली, 17 जुलाई 2026। दक्षिण जिला पुलिस ने ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-2 के पास हुई लूट की वारदात का महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटा गया वनप्लस मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि दो बाइक सवार युवकों ने पहले उसकी कार में जानबूझकर टक्कर मारी। जब वह विरोध करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका वनप्लस मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने एचपी पेट्रोल पंप के पास दोबारा शिकायतकर्ता को रोककर हमला किया और मौके से भाग निकले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हौज खास की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर एक आरोपी की पहचान विशाल उर्फ पियूष उर्फ विष्णु के रूप में हुई, जो थाना संगम विहार का घोषित बैड कैरेक्टर (BC) है और उसके खिलाफ पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच के दौरान पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी में वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल दिखाई दी। कांस्टेबल नरेंद्र ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया। इसके बाद लगातार छापेमारी कर दूसरे आरोपी रोहित यादव को भी संगम विहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों का तरीका (Modus Operandi)
पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलते वाहन चालकों को जानबूझकर हल्की टक्कर मारते थे। विवाद होने पर मारपीट कर मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
– विशाल उर्फ पियूष उर्फ विष्णु (24 वर्ष), निवासी संगम विहार, दिल्ली — पहले से 18 आपराधिक मामलों में संलिप्त।
– रोहित यादव (24 वर्ष), निवासी संगम विहार, दिल्ली — कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं।
बरामदगी
– 01 लूटा गया वनप्लस मोबाइल फोन
– 01 वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
यह कार्रवाई ASI संजय, HC धर्मेंद्र, Ct. मोहित और Ct. नरेंद्र की टीम ने SHO थाना हौज खास के नेतृत्व तथा ACP हौज खास की निगरानी में की।
इस संबंध में एफआईआर संख्या 240/2026 थाना हौज खास में धारा 309(4)/317(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज की गई है।
दक्षिण जिला पुलिस के उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि त्वरित कार्रवाई और प्रभावी जांच के चलते दोनों आरोपियों को घटना के दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

