कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास अवैध ऑटो स्टैंड पर कार्रवाई नहीं, बिना नंबर व बिना दस्तावेज़ वाले ऑटो चलने का आरोप
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के समीप ट्रैफिक बूथ के बराबर यूपी एवं हरियाणा नंबर के ऑटो रिक्शों का कथित रूप से अवैध स्टैंड संचालित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस स्टैंड पर कई ऑटो बिना नंबर प्लेट तथा बिना वैध दस्तावेज़ों के सड़कों पर संचालित हो रहे हैं, जिससे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं
।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस एवं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि न तो अवैध स्टैंड हटाया गया और न ही ऑटो रिक्शों की नियमित जांच की जा रही है।
लोगों का कहना है कि व्यस्त कालिंदी कुंज मार्ग पर इस अवैध ऑटो स्टैंड के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे बड़ी संख्या में ऑटो खड़े रहने से अन्य वाहन चालकों और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि अवैध ऑटो स्टैंड को तत्काल हटाया जाए, बिना नंबर और बिना वैध दस्तावेज़ों वाले ऑटो की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में इस स्थान पर अवैध पार्किंग और स्टैंड बनने से रोका जाए।

