पेपर लीक पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, क्राइम ब्रांच में बनी स्पेशल STF
विशेष संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस आयुक्त की मंजूरी के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया है। यह विशेष इकाई Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत दर्ज होने वाले मामलों की जांच करेगी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह STF विभिन्न केंद्रीय भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल माफिया, फर्जी अभ्यर्थियों, संगठित परीक्षा गिरोहों और अन्य परीक्षा संबंधी अपराधों की गहन जांच करेगी। साथ ही अभियोजन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र चार्जशीट दाखिल कराने और मामलों का त्वरित ट्रायल सुनिश्चित करने का भी प्रयास करेगी, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
- इन परीक्षाओं की करेगी जांच
– संघ लोक सेवा आयोग (UPSC)
– कर्मचारी चयन आयोग (SSC)
– रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB)
– इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन (IBPS)
– राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षाएं, जैसे NEET, CUET और JEE
– केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों एवं अधीनस्थ कार्यालयों की भर्ती परीक्षाएं
– केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित अन्य सार्वजनिक परीक्षाएं
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस विशेष टास्क फोर्स का नेतृत्व क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त (DCP) करेंगे, जबकि स्पेशल पुलिस आयुक्त (क्राइम) इसके प्रशासनिक नियंत्रण एवं निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाल के वर्षों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों को देखते हुए इस STF का गठन किया गया है। माना जा रहा है कि इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, संगठित अपराध पर अंकुश लगेगा और लाखों अभ्यर्थियों का भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा और मजबूत होगा।

