कालिंदी कुंज–जैतपुर पुश्ता रोड पर मलबा डंपिंग का खेल, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली। कालिंदी कुंज–जैतपुर पुश्ता रोड पर निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क किनारे और मार्ग पर कथित रूप से निर्माण एवं विध्वंस (C&D) का मलबा डंप किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से लगातार मलबा डाला जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ-साथ यातायात और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कालिंदी कुंज थाना, ट्रैफिक पुलिस, थाना प्रभारी (SHO) तथा बीट नंबर-6 के पुलिसकर्मियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में मलबा डंप करने का सिलसिला लगातार जारी है।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो नई सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। मलबे से धूल प्रदूषण भी बढ़ रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध रूप से मलबा डालने वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सड़क और आसपास के क्षेत्र से तत्काल मलबा हटाया जाए। साथ ही, यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।

