निर्माणाधीन इमारत की स्कैफोल्डिंग में करंट आने से कुत्ते की मौत, बड़ा हादसा टला
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली,। थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र के वार्ड-185 अंतर्गत कंचन कुंज स्थित बिलाल मस्जिद के पास एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में कथित रूप से स्कैफोल्डिंग (लोहे की अस्थायी संरचना) में करंट आने से एक कुत्ते की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि उसी समय कोई मजदूर, राहगीर या आसपास खेल रहा बच्चा स्कैफोल्डिंग के संपर्क में आ जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माण स्थल पर लगी लोहे की स्कैफोल्डिंग में कथित रूप से करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत वायरिंग और अर्थिंग की जांच कराने की मांग उठाई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माणाधीन स्थलों पर विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि एमसीडी, बिजली वितरण कंपनी, श्रम विभाग और दिल्ली पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच करें तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

