स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा बढ़ी, 9 अगस्त से 16 अगस्त तक कड़ी जांच
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। आगामी 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) के मद्देनज़र राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अगस्त (रविवार) से 16 अगस्त (रविवार) 2026 तक दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा जांच और अधिक सख्ती से की जाएगी।

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा जांच के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी, जिसके कारण पीक आवर्स में कुछ मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और सामान्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
यात्रियों से यह भी अपील की गई है कि वे सुरक्षा जांच के दौरान CISF कर्मियों का पूरा सहयोग करें, प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की है।

