सम्मान समारोह में उठा सेंट्रल मार्केट की अवैध गतिविधियों का मुद्दा, 200 से अधिक स्पा व रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं पर कार्रवाई को लेकर जताई आपत्ति
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 11 अगस्त। लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में मंगलवार को फेडरेशन लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजि.) द्वारा दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस एवं थाना लाजपत नगर के अधिकारियों व कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सेंट्रल मार्केट शॉपकीपर एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर डाबरा ने बाजार में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने 200 से अधिक स्पा सेंटरों और रेहड़ी-पटरी वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ति जताई और कहा कि एसोसिएशन सेंट्रल मार्केट में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित होने के पक्ष में नहीं है।
जोगिंदर डाबरा के मुताबिक, एसोसिएशन का उद्देश्य बाजार में कानून के दायरे में कारोबार और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गतिविधि का संचालन नियमों के विपरीत हो रहा है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे मामले में उचित प्रक्रिया और स्पष्टता भी जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस विषय को लेकर एसोसिएशन की ओर से दिल्ली हाई कोर्ट में मामला उठाया गया था तथा एमसीडी कमिश्नर से मुलाकात कर भी मामले को उनके संज्ञान में लाया गया है।
अब सवाल यह है कि सेंट्रल मार्केट में स्पा, रेहड़ी-पटरी और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर संबंधित विभागों द्वारा क्या कार्रवाई की गई है और वर्तमान में कितनी गतिविधियां नियमों के अनुरूप अथवा कथित रूप से नियमों के विपरीत संचालित हो रही हैं।
गौरतलब है कि कार्यक्रम के आयोजक फेडरेशन लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजि.) ने दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस एवं थाना लाजपत नगर के अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में यह समारोह आयोजित किया था।

