सीसीटीवी फुटेज से वाहन चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
शाहीन बाग थाना पुलिस ने चोरी की KUV-100 समेत तीन वाहन किए बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई महिंद्रा KUV-100 बरामद की गई। इसके अलावा वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल की गई दो स्कूटी भी बरामद हुई हैं।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को MVT e-FIR संख्या 21558/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(B)/317(2) में लाल रंग की महिंद्रा KUV-100, पंजीकरण संख्या DL12CQ5811, चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के लिए एएसआई कुलदीप भाटी, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल राहुल और हेड कांस्टेबल उपकार की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 80 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरी हुए वाहन की आवाजाही और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी विश्लेषण, गुप्त सूचना और लगातार मैदानी प्रयासों के बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गौतमपुरी इलाके से पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (23), रिहान (23), शब्बू (32) और मुर्सलीम (26) के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर चोरी की महिंद्रा KUV-100 बरामद की गई।
ये वाहन हुए बरामद
– महिंद्रा KUV-100, लाल रंग, नंबर DL12CQ5811 — चोरी का वाहन।
– होंडा एक्टिवा, नीले रंग की, नंबर DL5SCV5511 — पुलिस के अनुसार वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल।
– सुजुकी बर्गमैन, काले रंग की, बिना नंबर प्लेट — पुलिस के अनुसार कथित रूप से वारदात में इस्तेमाल।
अलग-अलग पेशे से जुड़े बताए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, समीर गौतमपुरी का रहने वाला है और ग्लास डिजाइनिंग का काम करता है। रिहान मौजपुर निवासी है और गाजीपुर में मजदूरी करता है। शब्बू गौतमपुरी, सीलमपुर का रहने वाला है और गारमेंट मजदूर बताया गया है। वहीं मुर्सलीम तुर्कमान गेट क्षेत्र का निवासी है और बढ़ई का काम करता है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका तथा वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

