कालिंदी कुंज से नेहरू प्लेस तक ईको का कहर, 5-सीटर में 5 से ज्यादा और 7-सीटर में 7 से ज्यादा सवारियां
कहीं 13 तक सवारियां बैठाने का आरोप, कई वाहनों में नंबर प्लेट, इंडिकेटर और बैक लाइट तक नहीं; सैकड़ों कैमरों के बावजूद कार्रवाई पर सवाल
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। थाना कालिंदी कुंज से चंद कदम की दूरी से लेकर मदनपुर खादर और नेहरू प्लेस तक चलने वाली कई मारुति ईको गाड़ियों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के आरोप सामने आ रहे हैं। आरोप है कि 5-सीटर ईको में 5 से अधिक और 7-सीटर ईको में 7 से अधिक सवारियां बैठाकर वाहनों को सड़क पर दौड़ाया जा रहा है। कुछ मामलों में एक वाहन में 13 तक सवारियां बैठाने की बात भी सामने आई है।

आरोप यह भी है कि कई ईको वाहनों में नंबर प्लेट, इंडिकेटर और पीछे की लाइट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं हैं। ऐसे वाहनों की फिटनेस और सड़क पर चलने की वैधता की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ईको वाहनों से जुड़े हादसों की घटनाएं सामने आने के बाद यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।

मदनपुर खादर से नेहरू प्लेस तक थाना कालिंदी कुंज, शाहीन बाग, सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और कालकाजी क्षेत्र तथा सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और कालकाजी-नेहरू प्लेस ट्रैफिक सर्किल आते हैं। इस पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद यदि नियमों का उल्लंघन लगातार हो रहा है तो प्रवर्तन व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सवाल यह है कि 5-सीटर में 5 से अधिक और 7-सीटर में 7 से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों की पहचान कर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? बिना नंबर प्लेट या कथित रूप से जरूरी लाइट और इंडिकेटर के बिना चलने वाले वाहनों की जांच कौन कर रहा है?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि क्षमता से अधिक सवारियां ले जा रही किसी ईको से बड़ा हादसा होता है तो जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या कार्रवाई हादसे के बाद होगी या उससे पहले ही नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा?

