मदनपुर खादर में सैकड़ों पेड़ काटकर DDA जमीन पर मलबा डालने का आरोप
मदनपुर खादर में पार्किंग की तैयारी पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-2 की D2 जेजे कॉलोनी में DDA की बताई जा रही जमीन पर सैकड़ों पेड़ों की कटाई के बाद ट्रकों से मलबा डाले जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमीन को समतल कर पार्किंग तैयार करने की कोशिश की जा रही है।

मामले में करण और जोहर के नाम सामने आने के बाद जमीन के इस्तेमाल और मलबा डाले जाने की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस संबंध में शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

सबसे अहम सवाल पेड़ों की कटाई को लेकर है। जमीन सरकारी हो या निजी, पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं? यदि अनुमति ली गई है तो उसकी प्रति, अनुमति संख्या और सक्षम प्राधिकारी का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। अनुमति नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जा रही है।
वहीं, जमीन की वास्तविक स्थिति, मलबा डालने की अनुमति और कथित पार्किंग की वैधता की भी जांच जरूरी है। DDA, दिल्ली पुलिस, MCD और पर्यावरण विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण किए जाने की मांग उठ रही है।
सवाल सिर्फ जमीन का नहीं, दिल्ली की हरियाली और कानून के पालन का भी है।

