डिफेंस कॉलोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरफ्तार; तीन चोरी के वाहन बरामद
संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। दक्षिण जिला पुलिस के थाना डिफेंस कॉलोनी की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय कथित ऑटो-लिफ्टर सुल्तान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल समेत तीन चोरी के वाहन बरामद किए हैं। कार्रवाई से डिफेंस कॉलोनी थाना क्षेत्र के दो तथा लाजपत नगर थाना क्षेत्र के एक मोटर व्हीकल चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को डी-ब्लॉक, डिफेंस कॉलोनी स्थित साउथ दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास गश्त के दौरान टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल खड़ी मिली। जांच करने पर मोटरसाइकिल लाजपत नगर थाना क्षेत्र से चोरी की निकली।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी। 1 अक्टूबर को पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब उसने मौके से भागने का प्रयास किया।
पूछताछ में आरोपी ने डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र से दो अन्य स्कूटी चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर एंड्रयूज गंज इलाके से दोनों चोरी की स्कूटी बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तान पुत्र बिलाल शेख, निवासी सुंदर नर्सरी, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद वाहनों में 25 सितंबर का डिफेंस कॉलोनी का एक स्कूटी चोरी मामला, 7 सितंबर का लाजपत नगर का मोटरसाइकिल चोरी मामला और 24 सितंबर का डिफेंस कॉलोनी का दूसरा स्कूटी चोरी मामला शामिल है।
इस कार्रवाई में SI योगेश, SI सचिन, HC गोविंद, HC अशोक, HC सुनील और कांस्टेबल शालिंदर ओला शामिल रहे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संजय शर्मा, SHO थाना डिफेंस कॉलोनी ने किया, जबकि कार्रवाई ACP डिफेंस कॉलोनी की निगरानी में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर पार्किंग में खड़े वाहनों को निशाना बनाता था और चोरी के बाद उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता या इस्तेमाल करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

