जसोला गांव में संपत्ति विवाद के दौरान युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार
संजय वर्मा की मौत के मामले में सरिता विहार थाना पुलिस की कार्रवाई, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से पकड़े गए आरोपी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर हुए विवाद में संजय वर्मा की हत्या के मामले में सरिता विहार थाना पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में मृतक की मां जमना देवी ने अपने बेटे ओमप्रकाश वर्मा और उसकी पत्नी चंदा वर्मा पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिकॉर्ड और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अस्पताल में मृत घोषित किया गया संजय
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को सरिता विहार थाने में झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिसकर्मी जसोला गांव पहुंचे तो संजय वर्मा गंभीर रूप से घायल मिला। उसे अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी सोनी उर्फ नरगिस और मां जमना देवी को भी उपचार के लिए पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण-पूर्वी जिला क्राइम टीम और रोहिणी की एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। जमना देवी के बयान के आधार पर एफआईआर संख्या 515/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) में मामला दर्ज किया गया।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर जांच के साथ आरोपियों के परिचितों तथा रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय चंदा वर्मा को 21 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया, जबकि 36 वर्षीय ओमप्रकाश वर्मा को 22 अक्टूबर को सराय काले खां बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों दिल्ली से बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे।
लकड़ी का डंडा और अन्य साक्ष्य जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा, सीसीटीवी फुटेज, मृतक के कपड़ों का सीलबंद पैकेट तथा घटनास्थल से संदिग्ध बाल और खून के निशान वाले नमूने एकत्र किए हैं। इन साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आरोपियों की अलग-अलग भूमिका, घटना की पूरी परिस्थितियों और संभावित साजिश के पहलुओं की पड़ताल जारी है। अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार, आईपीएस के मार्गदर्शन तथा सरिता विहार के एसीपी अनिल शर्मा और थाना प्रभारी की निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

