मदनपुर खादर में अवैध जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 11 लोग गिरफ्तार; 1.47 लाख रुपये नकद बरामद
कालिंदी कुंज थाना पुलिस की छापेमारी में 104 ताश के पत्ते भी जब्त, जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में थाना कालिंदी कुंज पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से जुआ खेलते हुए 11 लोगों को पकड़ा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,47,550 रुपये नकद और जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 104 ताश के पत्ते बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि मदनपुर खादर स्थित गली नंबर-5, बबलू डेयरी के पास मकान नंबर-276, ओमवीर का मकान में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना कालिंदी कुंज पुलिस की टीम ने रात करीब 12:15 बजे बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान 11 व्यक्ति ताश के पत्तों और नकदी के साथ कथित रूप से जुआ खेलते हुए मिले।
पुलिस ने मौके से मोमिन, मंजूर, सलमान, रफीक, मोहम्मद असलम, हाशिम, शेर खान, संतोष कुमार, आजाद अली, इरशाद और बबलू को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी मदनपुर खादर इलाके के निवासी हैं।
छापेमारी के दौरान बरामद 1,47,550 रुपये की नकदी को नियमानुसार जब्त किया गया। पुलिस ने कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। इस संबंध में थाना कालिंदी कुंज में एफआईआर संख्या 607/2026, दिनांक 02 नवंबर 2026 को सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई थाना कालिंदी कुंज के एसएचओ इंस्पेक्टर रमन कुमार के नेतृत्व में तथा एसीपी सरिता विहार अनिल शर्मा की निगरानी में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

