
डिलीवरी बॉय निकला वाहन चोर, दो चोरी के वाहन बरामद; दो मामले सुलझे
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस के हौज खास थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई से हौज खास और गोविंदपुरी थाने में दर्ज वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को हौज खास थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल में एक डिलीवरी बॉय द्वारा नकद भुगतान में अनियमितता किए जाने की शिकायत की गई थी। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल रामनिवास और हेड कांस्टेबल केशव मीणा गौतम नगर पहुंचे और पूछताछ के लिए डिलीवरी बॉय को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान उसकी पहचान अनिल कुमार (29 वर्ष), निवासी नवजीवन कैंप, गोविंदपुरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे में मौजूद बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल की जांच की तो पता चला कि यह वाहन गोविंदपुरी थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। उक्त मोटरसाइकिल ई-एमवीटी संख्या 28398/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 से संबंधित पाई गई।
पुलिस के मुताबिक, आगे की पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य वाहन चोरी में भी अपनी संलिप्तता बताई। उसकी निशानदेही पर हौज खास थाना क्षेत्र से चोरी की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई। यह वाहन ई-एमवीटी संख्या 18230/26, दिनांक 5 अगस्त 2026 के मामले से संबंधित था।
इस प्रकार पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद कर वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझाया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
यह कार्रवाई हौज खास थाना प्रभारी के नेतृत्व और एसीपी हौज खास की निगरानी में की गई। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (आईपीएस) ने बताया कि पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते पीसीआर कॉल की जांच के दौरान वाहन चोरी का मामला सामने आया और दो चोरी के वाहनों की बरामदगी संभव हो सकी।

