दक्षिणी दिल्ली में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
मदनगीर में दो चोरी के स्कूटर बरामद, हौज खास पुलिस ने महिला से सोने के जेवर ठगने का मामला 8 घंटे में सुलझाया
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली, 23 नवंबर। दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस ने वाहन चोरी और ठगी के मामलों में दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। थाना अंबेडकर नगर पुलिस ने गश्त और सीसीटीवी निगरानी के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर दो चोरी के स्कूटर बरामद किए हैं। वहीं, थाना हौज खास पुलिस ने सरकारी अधिकारी बनकर एक महिला से सोने के आभूषण ठगने के मामले को महज आठ घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मदनगीर में गश्त के दौरान वाहन चोर गिरफ्तार, दो स्कूटर बरामद
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को मदनगीर गांव में गश्त और सीसीटीवी निगरानी के दौरान हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल नीरज ने कांस्टेबल सुभाष एवं कांस्टेबल विकास के साथ श्मशान घाट के पास एक संदिग्ध युवक को स्कूटर के साथ देखा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर पूछताछ की।

आरोपी की पहचान हर्ष उर्फ मिर्ची (25), निवासी संजय कैंप, दक्षिणपुरी के रूप में हुई। उसके कब्जे से बरामद यामाहा फैसिनो स्कूटर थाना अंबेडकर नगर में दर्ज वाहन चोरी के मामले में चोरी का पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक अन्य स्कूटर चोरी करने की बात भी बताई। उसकी निशानदेही पर मदनगीर गांव स्थित एलएससी कॉम्प्लेक्स पार्किंग से होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया गया। यह स्कूटर थाना नेब सराय में दर्ज वाहन चोरी के मामले से संबंधित था।
पुलिस ने दोनों स्कूटर बरामद कर थाना अंबेडकर नगर और थाना नेब सराय के दो वाहन चोरी के मामलों को सुलझाने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सरकारी अधिकारी बनकर महिला से ठगे सोने के जेवर, आठ घंटे में दो गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में थाना हौज खास पुलिस ने सरकारी अधिकारी बनकर महिला से सोने के आभूषण ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को करीब 50 वर्षीय महिला सोंतारा पंचशील पार्क में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने के बाद पंचशील एन्क्लेव बस स्टॉप, बीआरटी रोड पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान सफेद मारुति अर्टिगा में सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें लिफ्ट देने की पेशकश की।
आरोपियों ने खुद को डाकघर का सरकारी अधिकारी बताते हुए महिला से कहा कि सोने के आभूषण ले जाना प्रतिबंधित है और जांच के लिए उन्हें एक लिफाफे में रखना होगा। उनकी बातों में आकर महिला ने अपने सोने के झुमके, चेन और मंगलसूत्र लिफाफे में रख दिए।
आरोपियों ने रास्ते में कथित तौर पर लिफाफा बदल दिया और महिला को प्रगति मैदान के पास उतार दिया। जब महिला ने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह मोबाइल चार्जिंग केबल मिली।
शिकायत के आधार पर थाना हौज खास में एफआईआर संख्या 435/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर सफेद मारुति अर्टिगा की पहचान की। वाहन के मालिक से पूछताछ में पता चला कि गाड़ी रोहित शर्मा को किराये पर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रोहित ने अपने साथी रॉकी के साथ वारदात में शामिल होने की बात बताई। इसके बाद ठगे गए आभूषणों को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले चंदर कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आभूषण मुथूट फाइनेंस, खिचड़ीपुर में 60,357 रुपये के बदले गिरवी रखे गए थे। इस संबंध में गोल्ड प्लेज रसीद और स्वीकृति पत्र बरामद किया गया है।
एक आरोपी फरार, गिरवी रखे आभूषणों की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा निवासी त्रिलोकपुरी और चंदर कुमार निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में की है। वहीं, रॉकी निवासी खाजूर गेट, गाजियाबाद को फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रोहित शर्मा के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। फरार आरोपी रॉकी का नाम भी विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों में सामने आया है।
इस मामले में वारदात में इस्तेमाल सफेद मारुति अर्टिगा और 60,357 रुपये की गोल्ड प्लेज रसीद बरामद की गई है। पुलिस अब गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों को वापस बरामद करने और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
दोनों मामलों में दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (आईपीएस) ने पुलिस टीमों की कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संदेश धारा | सच्ची खबर, साफ़ नज़र

