मेहरौली में घरेलू सहायिका गिरफ्तार, करीब 15 लाख रुपये के चोरी के आभूषण और नकदी बरामद
ऑनलाइन ऐप के जरिए घर की सफाई के लिए बुलाई गई थी महिला, हीरे की अंगूठी, सोने के गहने, Apple Watch और 1.50 लाख रुपये नकद बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 22 नवंबर। दक्षिण जिला के मेहरौली थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में हीरे की अंगूठी, सोने-चांदी के आभूषण, एक Apple Watch और 1 लाख 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को मेहरौली थाने में फ्रीडम फाइटर एन्क्लेव स्थित एक मकान से सोने के आभूषण, नकदी और हीरे की अंगूठी चोरी होने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने घर की सफाई के लिए एक ऑनलाइन सर्विस ऐप के माध्यम से घरेलू सहायिका को बुलाया था। महिला 19 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक घर में मौजूद रही थी। उसके जाने के बाद घर से आभूषण, Apple Watch और 1.50 लाख रुपये नकद गायब मिले।
शिकायत के आधार पर मेहरौली थाने में एफआईआर संख्या 650/26, दिनांक 20 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305/317(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऑनलाइन ऐप से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित ऑनलाइन सर्विस ऐप के माध्यम से घरेलू सहायिका की जानकारी जुटाई। उसकी पहचान सोमवती पत्नी बॉबी सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी मेहरौली के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे फ्रीडम फाइटर एन्क्लेव स्थित एक अन्य मकान से तलाश किया, जहां शिकायतकर्ता ने उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मेहरौली स्थित उसके किराए के मकान से चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई।
बरामद हुआ चोरी का पूरा सामान
पुलिस द्वारा बरामद सामान में एक हीरे की अंगूठी, एक सोने की अंगूठी, सोने की एक बाली, दो सोने की चेन, चांदी की पायल का एक सेट, चार सोने के मोतियों के साथ एक सोने का लॉकेट, सोने की तीन नोज पिन, चांदी की एक नोज पिन, चांदी की एक अंगूठी, चांदी का एक कड़ा, एक काली Apple Watch और 1.50 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल सुनील, कांस्टेबल पूजा और कांस्टेबल सुकन्या की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई मेहरौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया के नेतृत्व में तथा एसीपी मेहरौली योगिता शर्मा की निगरानी में की गई।
दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल (आईपीएस) के अनुसार, पुलिस टीम की त्वरित जांच और समन्वित कार्रवाई से आरोपी महिला की गिरफ्तारी के साथ चोरी की पूरी संपत्ति बरामद की गई है।


