
जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, पांच पुलिसकर्मी घायल; मुठभेड़ के बाद आरोपी नबील गिरफ्तार
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाना परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूछताछ के लिए बुलाए गए एक व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी को चितली कबर इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसे उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल संजीवन अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल रेफर किया गया। इनमें तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमला करने के बाद दोपहिया वाहन लेकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। भागने के दौरान उसने कथित तौर पर एक व्यक्ति से दोपहिया वाहन छीन लिया और मौके से निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही मध्य जिले की ऑपरेशंस यूनिट ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी को चितली कबर इलाके में घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान आरोपी ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जवाबी कार्रवाई को लेकर चर्चा छेड़ दी है। जहां एक ओर पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला गंभीर चिंता का विषय है, वहीं दूसरी ओर मुठभेड़ में गोली चलाने की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच भी आवश्यक है।
फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
संदेश धारा | सच्ची खबर, साफ़ नज़र

