
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
जेजे कॉलोनी मदनपुर खादर एक्सटेंशन में भारत गैस एजेंसी और एचपी गैस एजेंसी से जुड़े हॉकरों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के दौरान 3 से 4 किलो तक गैस कम देकर उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर मिलने के कुछ ही दिनों में गैस समाप्त हो जाती है। जब वजन को लेकर सवाल किया जाता है तो हॉकर बहाने बनाकर टाल देते हैं या उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। कई लोगों ने यह भी बताया कि सिलेंडर पर निर्धारित वजन की जांच करने के लिए न तो कोई मशीन होती है और न ही एजेंसी की ओर से कोई निगरानी।
यह पूरा मामला न सिर्फ उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी नियमों की खुली अवहेलना भी है। सवाल यह भी उठता है कि संबंधित गैस एजेंसियों और आपूर्ति विभाग की मिलीभगत के बिना यह गोरखधंधा कैसे चल रहा है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से मांग की है कि मामले की तुरंत जांच कराई जाए, दोषी हॉकरों और एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा कॉलोनी में गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह उपभोक्ताओं के साथ हो रही लूट और भी व्यापक रूप ले सकती है।

