
02 सोने की चेन और 02 मोटरसाइकिल बरामद, 200 से अधिक CCTV खंगाले
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। लाजपत नगर थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग के तीन सनसनीखेज मामलों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर स्नैचरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई 02 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
घटना का विवरण
दिनांक 16 दिसंबर 2025 को लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास चेन स्नैचिंग की सूचना PCR कॉल के माध्यम से थाना लाजपत नगर को प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता सोनाली शर्मा ने बताया कि दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और वीर सावरकर मार्ग स्थित प्रेस्टिज डिजाइन टायर शॉप के सामने उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना लाजपत नगर में FIR संख्या 555/2025 धारा 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद 16 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की दो और घटनाएं सामने आईं, जिनके संबंध में FIR संख्या 44/2026 व 45/2026 दर्ज की गईं। दोनों मामलों में भी बाइक सवार बदमाशों द्वारा सोने की चेन छीने जाने की बात सामने आई।
टीम और जांच
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें SI रणबीर शर्मा, SI विनय सिवास, HC नीरज, HC किरोड़ीमल, HC प्रदीप, Ct सुमित, Ct विपिन व Ct तेजपाल शामिल थे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर निर्भय कुमार, SHO लाजपत नगर ने किया, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी ACP लाजपत नगर द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने दिन-रात कड़ी मेहनत करते हुए 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में अपराध में प्रयुक्त बाइक की टूटी हुई नंबर प्लेट नजर आई, जिसके आधार पर तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तारी
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने दो आरोपियों हेमेश पुत्र रामपाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी खुशी गार्डन, बेहटा हाजीपुर, गाजियाबाद
विनय कुमार पुत्र अशोक कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी खुशी गार्डन, बेहटा हाजीपुर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी छीनी गई सोने की चेन ज्वेलर घनश्याम को बेचते थे, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
02 सोने की चेन
02 मोटरसाइकिल (वारदात में प्रयुक्त)
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी हेमेश पूर्व में उत्तर प्रदेश में दर्ज एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है, जबकि विनय कुमार और ज्वेलर घनश्याम का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया।
पुलिस का कहना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और उन्होंने हाल के समय में कई अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की भी बात कबूल की है।

