
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खड्डा कॉलोनी, जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 से लापता हुए तीन वर्ष चार माह के मासूम बच्चे का शव सोमवार को इलाके के एक नाले से बरामद होने से क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जनवरी 2026 को बच्चे के पिता श्री राजू ने अपने पुत्र के लापता होने की शिकायत थाना कालिंदी कुंज में दर्ज कराई थी। पारिवारिक स्तर पर सूचना देने में हुई देरी के कारण बच्चे के लापता होने का सटीक समय स्पष्ट नहीं हो सका, हालांकि पुलिस जांच में यह समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच माना गया। मामले में पुलिस ने तत्काल FIR संख्या 45/2026, धारा 137(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 16 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, घटना समयावधि में गुजरने वाले 80 से अधिक ऑटो (TSR) चालकों से पूछताछ की गई। इसके अलावा घर-घर जाकर पूछताछ, ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी करने के साथ-साथ नजदीकी थानों जैतपुर, बदरपुर और पल्ला तथा बाल गृहों से भी समन्वय किया गया। संगठित अपहरण गिरोह की आशंका को खारिज करने के लिए दक्षिण-पूर्व जिला ऑपरेशन टीम को भी जांच में शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को लगभग दोपहर 2:30 बजे बच्चे का शव नाला रोड, जैतपुर, शिकायतकर्ता के निवास के पास स्थित एक नाले से बरामद किया गया। शव पानी में रहने के कारण फूला हुआ पाया गया, जिससे उसके लंबे समय तक जल में डूबे रहने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच की। इसके बाद शव को एम्स (AIIMS) मोर्चरी भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के माध्यम से मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक भूमिका की जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

