
अंतरराष्ट्रीय USDT फ्रॉड का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, दुबई कनेक्शन सामने
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2026: दक्षिण जिला पुलिस की थाना नेब सराय टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टो फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 6 मोबाइल फोन, ट्रस्ट वॉलेट एक्सेस और अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, संगम विहार निवासी अब्दुल रहमान ने शिकायत दी थी कि आरोपी मोहम्मद अज़ीम अंसारी ने उसे ₹6.10 लाख नकद देने का झांसा देकर 6099 USDT ट्रांसफर करवा लिए। ट्रांजैक्शन के बाद आरोपी ने न तो पैसे दिए और न ही संपर्क में रहा।
जांच में सामने आया कि जैसे ही USDT ट्रांसफर हुआ, वह कुछ ही सेकंड में अलग-अलग वॉलेट्स में भेज दिया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का मामला है।
तकनीकी जांच और गिरफ्तारी
SHO इंस्पेक्टर परस नाथ वर्मा के नेतृत्व में SI विवेक, SI रोहिताश, HC हरज्ञान, HC मलकीत और HC सिया राम की टीम ने तकनीकी निगरानी, मोबाइल फॉरेंसिक और वॉलेट ट्रैकिंग के जरिए तीन आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
मोहम्मद अज़ीम अंसारी (गाजियाबाद)
कौसैन परवेज (दिल्ली)
तनिश जोशी उर्फ सुभान (गाजियाबाद)
दुबई से जुड़ा नेटवर्क
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ठगी की रकम को दुबई स्थित एक हैंडलर द्वारा संचालित वॉलेट्स में भेजा गया। इससे इस पूरे रैकेट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता चलता है। पुलिस अब इस कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ क्रिप्टो लेन-देन करने से बचें और निवेश से पहले पूरी तरह सत्यापन करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

