मेहरौली में सेंधमारी गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
लाखों का चोरी का सामान व नकदी बरामद, नाबालिग को भी बनाया था अपराध में साथी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 24 अप्रैल। दक्षिण जिला की मेहरौली थाना पुलिस ने एक संगठित सेंधमारी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को चंदन होला निवासी राजीव अग्निहोत्री ने अपने घर में चोरी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी गए सामान में लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और चांदी के आभूषण शामिल थे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक लंगड़ाकर चलते नाबालिग की गतिविधि संदिग्ध पाई गई, जिसने मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
एसीपी मेहरौली रघुबीर सिंह की निगरानी में एसएचओ मेहरौली के नेतृत्व में गठित टीम ने सीडीआर चौक के पास जाल बिछाया और सुबह करीब 4 बजे नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चार आरोपियों का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मिन्सार (26), लद्दान (30), इजरेल (28) और तपस राजबंशी (29) के रूप में हुई है। सभी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और रिक्शा चालक का काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एप्पल मैकबुक, सैमसंग मोबाइल, चांदी के सिक्के व मूर्तियां, भगवान गणेश की चांदी की मूर्ति, ब्रांडेड चश्मा, ₹23,500 नकद और दो सीलिंग फैन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई से मेहरौली थाने में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने नाबालिग को कानूनी प्रक्रिया के तहत ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के मामलों का खुलासा किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

