

खबर का असर: ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध बोरिंग सील, टैंकर माफिया पर कार्रवाई
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित A-41 के सामने अवैध बोरिंग से टैंकरों में पानी सप्लाई की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। संबंधित विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध बोरिंग को सील कर दिया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि पाइप के जरिए अवैध रूप से भूजल निकाला जा रहा था और टैंकरों में भरकर सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने बोरिंग को बंद कर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से यहां अवैध पानी का कारोबार चल रहा था, जिससे न केवल भूजल का दोहन हो रहा था बल्कि सड़क पर जलभराव और गंदगी की समस्या भी बनी हुई थी। खबर सामने आने के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर बोरिंग की जांच कर रहे हैं और उसे सील कर रहे हैं।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि क्षेत्र में अवैध पानी सप्लाई और बोरिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसी सख्ती जरूरी है, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

