ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में सड़कों पर रेत-रोड़ी का कब्जा, धूल और अतिक्रमण से लोग परेशान
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में D-17, B-25 और C ब्लॉक लाल चौक के आसपास सड़कों पर अवैध रूप से रेत, रोड़ी और बदरपुर का स्टॉक डाले जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों और क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि निर्माण सामग्री खुलेआम सड़क पर रखी जा रही है, जिससे पूरे इलाके में धूल-मिट्टी का गुबार बना रहता है।
लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था के कारण न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि सड़क पर अतिक्रमण होने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर सड़क संकरी हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभागों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने एमसीडी, दिल्ली पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण समिति से मांग की है कि सड़क पर डाली गई निर्माण सामग्री को तुरंत हटाया जाए, अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और इलाके को राहत मिल पाती है या नहीं।

