
AIIMS दिल्ली को मिला अंतरिम निदेशक, डॉ. निखिल टंडन को सौंपी गई जिम्मेदारी
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026 — देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स (AIIMS) दिल्ली में अंतरिम व्यवस्था के तहत डॉ. निखिल टंडन को निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह निर्णय पूर्व निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास के नीति आयोग में पूर्णकालिक सदस्य के रूप में शामिल होने के बाद लिया गया है।
सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, डॉ. टंडन अगले छह माह तक या स्थायी निदेशक की नियुक्ति होने तक इस पद की जिम्मेदारी निभाएंगे। खास बात यह है कि उन्हें इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या मानदेय नहीं दिया जाएगा।
डॉ. निखिल टंडन वर्तमान में एम्स में डीन (एकेडमिक) और एंडोक्राइनोलॉजी एवं मेटाबोलिज्म विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। वे देश के जाने-माने एंडोक्राइनोलॉजिस्ट हैं और मधुमेह व कार्डियो-मेटाबोलिक बीमारियों पर उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार जल्द ही स्थायी निदेशक की नियुक्ति के लिए सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी का गठन करेगी, जो योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी।
एम्स जैसे शीर्ष संस्थान में नेतृत्व परिवर्तन को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

