
मध्य ज़ोन में अवैध निर्माण पर वसूली का खेल! बेलदार पर गंभीर आरोप, अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के मध्य ज़ोन में अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर निगम के मेंटेनेंस विभाग की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। क्षेत्र में तैनात एक बेलदार पर आरोप है कि वह खुलेआम अवैध निर्माण कराने वालों से वसूली कर रहा है और इसके बदले उन्हें संरक्षण दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहिद ख़ान नामक बेलदार पर आरोप है कि वह हर माह मोटी रकम लेकर अवैध निर्माण को जारी रखने की अनुमति देता है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि यह वसूली कथित तौर पर विभाग के उच्च अधिकारियों की जानकारी में हो रही है। आरोप यह भी है कि संबंधित #EE_M_II आर.के. अरुणेश को हर महीने लगभग ₹50,000 का “नज़राना” पहुंचाया जाता है, जिसके एवज़ में बेलदार को संरक्षण मिलता है।
सुखदेव विहार रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भी भेजी है। शिकायत में कहा गया है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि संबंधित बेलदार लग्ज़री कार में आकर वसूली करता है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
वहीं, क्षेत्रीय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लाजपत नगर इलाके में चल रहे अवैध स्पा और अन्य गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे।
इस पूरे मामले ने निगम की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध निर्माण और वसूली के इस कथित गठजोड़ पर रोक लग सके।

