
बेगमपुर हत्याकांड का खुलासा: शराब और मोबाइल को लेकर विवाद में मजदूर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 28 अप्रैल 2026: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 27-28 अप्रैल की दरम्यानी रात की है, जहां मामूली विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, गट्टा गोदाम स्थित झुग्गी T-5B (बड़ी मस्जिद के सामने) में काम करने वाले मजदूरों के बीच रात में पहले झगड़ा हुआ था, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया था। लेकिन रात करीब 1 बजे आरोपी राकेश उर्फ कैल्ली ने सो रहे शत्रुघ्न पर लकड़ी के डंडे से गर्दन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल शत्रुघ्न को तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शराब के नशे में मृतक का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया था, जिससे दोनों के बीच विवाद हुआ। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में आरोपी ने सोते समय वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार उर्फ कैल्ली (25), निवासी नालंदा, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 6-7 वर्षों से दिल्ली में रहकर कबाड़ का काम करता था।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इस हत्याकांड को सुलझा लिया गया।

