
झांसी में सट्टा माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 100 करोड़ का नेटवर्क ध्वस्त
परवेज खान, संदेश धारा-
झांसी। अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ झांसी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। एडीजी आलोक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कप्तान) बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में करीब 100 करोड़ रुपये के सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है।
पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शुभम उपाध्याय, विजय बाधवा और नितिन अग्रवाल के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में जमा लगभग 50 लाख रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया गया है। इसके साथ ही एक नई फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की गई है, जो कथित रूप से अवैध कमाई से खरीदी गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से सट्टा संचालन में संलिप्त था और इसका नेटवर्क अन्य शहरों तक फैला हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके द्वारा अर्जित संपत्तियों की जांच भी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है तथा आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

