
शौचालय बंद, लेकिन बोरिंग चालू: B-48 ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस 1 में टैंकर माफिया का खेल जारी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।दक्षिण– दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित B-48 पर प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद पड़ा है, लेकिन उसी परिसर में लगी पानी की बोरिंग धड़ल्ले से चालू है, जिससे टैंकर माफिया अवैध रूप से पानी निकालकर सप्लाई कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस संबंध में संबंधित विभागों—दिल्ली जल बोर्ड (DJB), नगर निगम (MCD) और अन्य अधिकारियों—को कई बार लिखित व मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सूत्रों के अनुसार, शौचालय बंद होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर बोरिंग का पानी निजी टैंकरों के जरिए बेचा जा रहा है। यह स्थिति न केवल सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को दर्शाती है, बल्कि टैंकर माफिया के बढ़ते हौसलों की भी ओर इशारा करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध गतिविधि पर रोक नहीं लगाई गई, तो भूजल स्तर पर गंभीर असर पड़ सकता है और क्षेत्र में पानी की समस्या और बढ़ सकती है।
अब सवाल यह उठता है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेंगे और टैंकर माफिया पर कब शिकंजा कसा जाएगा।

