
शिकायतों के बावजूद नहीं हटे गन्ना मशीन के ठेले, चौराहों पर गंदगी और प्रदूषण का खतरा बढ़ा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली: ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 और फेस-2 में अवैध रूप से लगे गन्ने के जूस के ठेलों को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई शिकायतों के बावजूद अब तक इन ठेलों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख चौराहों और सड़कों के किनारे लगाए गए इन गन्ना मशीन ठेलों के आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है। गन्ने के छिलके और कचरे के कारण वहां मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। गर्मी के मौसम में यह स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।
इसके अलावा, कई ठेलों पर डीजल से चलने वाले इंजन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे वायु प्रदूषण फैल रहा है। सड़क किनारे चल रहे ये इंजन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं बल्कि आसपास काम करने वाले लोगों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम (MCD) के संबंधित अधिकारियों, विशेषकर फूड इंस्पेक्टर प्रवेश गौर की कथित मिलीभगत के चलते इन अवैध ठेलों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत देने के बावजूद न तो निरीक्षण किया गया और न ही किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई देखने को मिली।
नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग तत्काल संज्ञान लेते हुए इन अवैध गन्ना मशीन ठेलों को हटाए, स्वच्छता सुनिश्चित करे और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन सकती है।

